गोरखपुर जिले के गगहा क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग में बृहस्पतिवार शाम दो बाइकों में टक्कर के बाद मारपीट हो गई। मनबढ़ों की पिटाई से घायलों की सूचना पर आई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आंबेडकर नगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना के सरैया बलरामपुर निवासी आकाश पाठक (25) अपने मौसेरे भाई पकड़ी देवरिया निवासी संजय मिश्रा के साथ बेलीपार थाना क्षेत्र के सोनवापार स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। गगहा क्षेत्र के कौड़ीराम के पास बलुआ बुजुर्ग में एक अन्य बाइक सवार जिस पर दो महिलाएं बैठी थी उससे दोनों युवकों के बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों बाइक पर सवार पांचों लोग गिर गए।
इसके बाद दोनों बाइक सवारों में कहासुनी और मारपीट होने लगी। मौका देखकर महिलाओं के साथ वाले बाइक सवार ने धस्की स्थित अपने परिचितों को फोन कर दिया। इसके बाद बोलेरो से आए आधा दर्जन लोगों ने आकाश व संजय की जमकर पिटाई कर दी। बीट प्रभारी को सूचना दी गई।
बीट प्रभारी की बैंक ड्यूटी थी। फिर पीआरवी को सूचना दी गई। काफी देर बाद पहुंची पीआरवी के पुलिसकर्मी युवकों का इलाज करा उन्हें अपने साथ गगहा थाना लेकर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।