अमर उजाला की अपराजिता मुहिम और वेलफेयर एंड चैरिटी ग्रुप की ओर से नववर्ष और लोहड़ी का पर्व धूमधाम से शनिवार को तारामंडल स्थित जैमिनी गार्डेनिया में मनाया गया। एक तरफ महिलाओं ने ...लो आ गई लोहड़ी वे बना लो जोड़ी वे, सुंदर मुंदरिये हो, तेरा कौन विचार हो आदि पंजाबी गीतों पर झूम कर नृत्य किया। वहीं, चेयर और लेमन रेस सरीखी मनोरंजक प्रतियोगिता में भी प्रतिभा दिखाई।
महिला वर्ग की चेयर रेस में मयूरी अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। बच्चों के लिए चेयर रेस का आयोजन दो वर्गों में किया गया। 5 से 8 वर्ष वर्ग में विवान खेतान ने प्रथम स्थान और 9 से 12 वर्ष वर्ग में राजवीर ने बाजी मारी। लेमन रेस में विवान खेतान प्रथम स्थान, समृद्धि गुप्ता द्वितीय स्थान और सानवी गोयल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था की संस्थापक रश्मि केसरवानी और सीलम बाजपेयी ने किया। साथ ही प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संस्थापक रश्मि केसरवानी ने कहा कि इस तरह के आयोजन से मानसिक तनाव दूर होता है। आगे भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन कराएंगे।
एकता पांडेय ने विजयी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सोसाइटी की सदस्य अनिता गोयल ने कहा कि लोहड़ी के त्योहार मनाने का उद्देश्य है बच्चों में संस्कृति को जीवंत रखना है। इस अवसर पर रूपाली रघुवंशी, सुमन अग्रवाल, पारूल खेतान, सीमा अग्रवाल, रचना अग्रवाल, शालिनी गनेरीवाल आदि मौजूद रहीं।