पत्नी संभा यादव को मनाकर घर ले जाने के लिए भोला प्रयास में जुटा था। इसी बीच बीते 30 जुलाई को संभा यादव ने गोरखपुर शहर के एक निजी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। ऑपरेशन के चलते जच्चा-बच्चा को एक सप्ताह तक अस्पताल में ही रहना था। बच्चा पैदा होने की जानकारी मिलने पर भोला भी अस्पताल पहुंच गया और पत्नी को बच्चे के साथ ससुराल चलने के लिए समझाने लगा। जब वह नहीं मानी तो बीते दो अगस्त को भोला अस्पताल से बच्चे को लेकर फरार हो गया।
बच्चे के नाना भवनाथ यादव ने कैंट पुलिस को इसकी सूचना दी, तो पुलिस मामले की छानबीन में जुटी। गुरुवार की देर रात झंगहा थाना क्षेत्र के बरही पुलिस चौकी प्रभारी रूद्र प्रताप सिंह ने कनईल घाट के पास से बच्चे को उसके पिता के साथ बरामद कर लिया। शुक्रवार को नाना भवनाथ यादव को बुलाकर बच्चा उन्हें सौंप दिया गया।
बरही पुलिस चौकी प्रभारी रूद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भोला बच्चे को लेकर उसी दिन से नदी के किनारे छिपता फिर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि उसका उद्देश्य किसी भी प्रकार से पत्नी व बच्चे को अपने साथ घर ले जाना था। चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्चा मिल जाने के बाद पीड़ित पक्ष कोई कार्रवाई नहीं चाहता था, लिहाजा आरोपी को बिना किसी कार्रवाई के ही छोड़ दिया गया।