- 0.418 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगी चार्जिंग सुविधा, नगर निगम ने दी अनापत्ति
- चरगावां में 4.64 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक चार्जिंग स्टेशन, टेंडर प्रक्रिया शुरू
गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग सुविधा बढ़ाने के लिए शहर में दो नए स्थानों पर फास्ट (अपार्चुनिटी) चार्जर लगाए जाएंगे। नगर निगम ने बसंतपुर खास और सेमरा में इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने पर अनापत्ति दे दी है। दोनों स्थानों पर कुल 0.418 हेक्टेयर जमीन पर चार्जिंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे इलेक्ट्रिक बसों को नियमित संचालन के दौरान कम समय में चार्ज किया जा सकेगा।
नगर निगम की ओर से जारी अनापत्ति के मुताबिक, बसंतपुर खास में 0.218 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, सेमरा में कुल 0.387 हेक्टेयर जमीन में से 0.200 हेक्टेयर भूमि चार्जर लगाने के लिए दी जाएगी। नगरीय परिवहन निदेशालय की पहल पर पहले महेवा एहतमाली, आराजी छावनी, नौसड़ और जंगल नकहा नंबर-दो में चार्जर लगाने के लिए अनापत्ति दी गई थी। हालांकि, परिवहन विभाग ने इन स्थलों को अनुपयुक्त बताया था। इसके बाद बसंतपुर खास और सेमरा का चयन किया गया।
फास्ट चार्जर की मदद से इलेक्ट्रिक बसों को कम समय में चार्ज किया जा सकेगा। इसके लिए बसों को नियमित संचालन के दौरान बस टर्मिनल या निर्धारित चार्जिंग पॉइंट पर कुछ देर रोकना होगा। इससे बसों को पूरी तरह चार्ज होने के लिए घंटों डिपो में खड़ा नहीं करना पड़ेगा। साथ ही बसों का संचालन भी अधिक सुचारु हो सकेगा।
चरगावां में 4.64 करोड़ से बनेगा चार्जिंग स्टेशन
इसके अलावा चरगावां में 4.64 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। करीब दो हजार र्गफीट क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्टेशन के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे एक साल में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां बसों की चार्जिंग के साथ रख-रखाव, पार्किंग, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नई चार्जिंग सुविधाएं शुरू होने से बसों को समय से रूट पर भेजने में सहूलियत होगी। इससे यात्रियों को भी निर्धारित समय पर बसें उपलब्ध हो सकेंगी।
- लव कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट