नौसड़-खजनी मार्ग पर शारदा सिटी के नाम से नई कॉलाेनी बसाने का सपना दिखाकर कई लोगों से जालसाजी करने के मामले में अब पुलिस को ओमप्रकाश की तलाश है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए अक्षय मिश्रा को ओमप्रकाश ने ही जमीन बेची थी, जबकि वह जानते थे कि जमीन सीलिंग की है। इसी वजह से जमीन को किस-किस ने बेचा है, इसकी जांच करने के साथ ही पुलिस सभी से संपर्क करके मामले को सुलझाने की कोशिश में है। उधर, अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके लोगों ने भी पुलिस से मुलाकात की है। उन्हें अपनी रकम वापसी की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, शारदा सिटी के नाम पर जालसाजी करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर उसके वर्तमान समय में संचालन करने वाले अक्षय मिश्रा को हिरासत में लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अक्षय से पूछताछ में कई नए तथ्य सामने आ गए हैं, जिसकी सच्चाई की जांच अभी बाकी है।