देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के भलुअनी दुबे गांव के पास मुख्य मार्ग पर एक गल्ले के गोदाम से सटे गोदाम में बड़े पैमाने पर नकली सरदार की डीएपी उर्वरक का भंडाफोड़ हुआ है। काफी समय से यह कारोबार गल्ले के आड़ में चलने की बात कही जा रही हैं।
मुखबिर की सूचना पर जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल और स्थानीय पुलिस ने शनिवार भोर में छापेमारी कर तकरीबन 14 लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि सरगना भागने में सफल रहा। उधर मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सलेमपुर डॉक्टर गुंजन द्विवेदी और उप कृषि निदेशक डॉक्टर आशुतोष कुमार मिश्र की मौजूदगी में गोदाम और ट्रक में लदे नकली डीएपी के उर्वरकों के बोरों का मिलान किया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गोदामों में मौजूद रा मटेरियलों की बारीकी से जांच पड़ताल करा रही थी।
भलुअनी दुबे गांव के पास मुसैला-मईल मार्ग पर स्थित गल्ले के गोदाम के सटे फलफूल रहे इस धंधे की भनक मिलते ही कृषि विभाग अलर्ट हो गया। बताया जा रहा है कि पहले कृषि अधिकारी ने गोपनीयता पूर्वक जानकारी जुटाई। जब मामला सही निकला तो उन्होंने स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ शनिवार भोर में छापेमारी कराया।
कई मजदूर भागे
पुलिस के पहुंचते ही गोदाम में काम कर रहे मजदूर चहारदीवारी फांदकर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने दौड़ाकर 14 को पकड़ लिया। जबकि मुखिया भाग निकला। गोदाम पर नकली डीएपी खाद तैयार करने की जानकारी पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई। इसके बाद मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सलेमपुर डॉक्टर गुंजन द्विवेदी उप कृषि निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार मिश्र भी पहुंच गए।
गेट के अंदर खड़े ट्रक में नकली तैयार सरदार की 65 बोरी डीएपी, गोदाम में अंदर बोरे में बिना सिलाई के तकरीबन 12 बोरी डीएपी, तकरीबन 1200 बोरी जिप्सम रॉ मटेरियल, सैकड़ों खाली बोरे, दो पैकिंग मशीन कई बंडल धागे बरामद किए गए हैं।