पूर्वोत्तर रेलवे में गोरखपुर, ऐशबाग और छपरा तीन ऐसे रेलवे स्टेशन हैं, जहां से गुजरने वाली सभी ट्रेनों की सफाई होती है। यहां स्पेशल यूनिट तैनात की गई है, जो कुल 142 ट्रेनों में स्टेशन पर ही सफाई करती है।
गोरखपुर स्टेशन पर 34, ऐशबाग पर 15 और छपरा स्टेशन पर 22 ट्रेनों की सफाई की जाती है। इसके अलावा इन स्टेशनों से गुजरने वाली 60 जोड़ी ट्रेनों में ऑन बोर्ड हाउस कीपिंग (ओबीएचएस), यानी चलती ट्रेन में सफाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
जिन ट्रेनों का गोरखपुर स्टेशन पर स्टॉपेज दस मिनट या इससे अधिक है, उनमें सफाईकर्मी कोच में जाकर सफाई करते हैं। इन ट्रेनों के कोच की टंकियों में पानी भी भरा जाता है। इसके अलावा ओबीएचएस के तहत ट्रेनों में सफाईकर्मी भेजे जाते हैं। इनकी निगरानी के लिए इंस्पेक्टर स्तर के रेलवे कर्मी भी तैनात हैं, जो यात्रियों से जानकारी लेते रहते हैं।