- दो युवक और एक बाल अपचारी पकड़े गए, 7330 रुपये नकद और सिगरेट के पांच पैकेट बरामद
गोला। गोला थाना क्षेत्र के पड़ौली चौराहे पर छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 7330 रुपये नकद और सिगरेट के पांच पैकेट बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि बुधवार रात करीब 1:50 बजे उपनिरीक्षक अर्पित मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ पड़ौली चौराहे से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सन्नी पाल (25) निवासी परसा उर्फ अगिलहवा, सूरज यादव (25) निवासी पड़ेरिया और 15 वर्षीय बाल अपचारी शिवांश उर्फ काले के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक घर से 74 हजार रुपये नकद, सोने की दो चेन और सिगरेट के 13 पैकेट चोरी किए थे। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि दोपहर बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।