गोरखपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए बिजली निगम ने निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी तेज कर दी है। जोन प्रथम के मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को सभी अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ट्रांसफाॅर्मरों की सुरक्षा और नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा ताकि त्योहारों के दौरान आपूर्ति प्रभावित न हो। बैठक में राजस्व वसूली, बिलिंग, अनुरक्षण माह और विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने बिजनेस प्लान 2026-27 के कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अनुरक्षण माह के तहत कराए जाने वाले कार्यों की सूची जल्द तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक राजस्व जुटाने, लाइन लॉस कम करने और थ्रू रेट में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। बिलिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने और राजस्व की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विद्युत नगरीय वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता रंजीत चौधरी, ग्रामीण प्रथम के अधीक्षण अभियंता केके राठौर, ग्रामीण द्वितीय के अधीक्षण अभियंता विक्रम गंगवार समेत सभी खंडों के अधिशासी अभियंता और अन्य अभियंता मौजूद रहे।