गीडा में मृतक जय प्रकाश यादव। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के गीडा सेक्टर 23 स्थित एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार को गर्दन में सरिया घुसने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अचानक बटन दबने से सरिया कर्मी के गले में घुस गई, जिससे उसकी जान गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन फैक्टरी पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। फैक्टरी प्रबंधन व कर्मचारी के परिजनों से काफी देर तक वार्ता के बाद आर्थिक सहयोग व पांच साल तक पत्नी को पेंशन देने के वादे पर परिजन माने।
जानकारी के मुताबिक, सीहापार निवासी ब्रह्मदेव यादव के पुत्र जयप्रकाश यादव (35) फैक्टरी में कर्मचारी थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को दोपहर में ड्यूटी के दौरान ऑपरेटर ने अचानक मशीन का बटन दबा दिया, जिससे सरिया बह्मदेव के गर्दन में घुस गई।
इसे भी पढ़ें: 44 केंद्रों पर 17,600 परीक्षार्थी देंगे बीएड प्रवेश परीक्षा, 15 जून को है आयोजित
लोगों ने तुरंत उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।अस्पताल की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सहजनवां पुलिस को सूचित कर दिया।
उधर, मौत की सूचना मिलते ही फैक्टरी पर परिजनों व शुभचिंतकों की भीड़ लग गई। फैक्टरी प्रबंधन से आर्थिक सहायता दिलाने के मुद्दे पर काफी देर तक वार्ता चलती रही।
अंत में फैक्टरी निदेशक ने नौ लाख रुपये आर्थिक सहायता के अलावा पत्नी को 14 हजार रुपये प्रति माह पांच वर्ष तक पेंशन देने पर सहमति जताई। एसओ सहजनवां महेंद्र मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। जयप्रकाश के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बेटे आर्यन (8) व अंकित (6) हैं।