गोरखपुर। दिल्ली में हुए हालिया अग्निकांड को देखते हुए उत्तर प्रदेश के महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय और अग्निशमन अधिकारी गोलघर शांतनु यादव के नेतृत्व में शहर के प्रमुख होटलों में सुरक्षा ऑडिट की गई।
निरीक्षण अभियान के तहत टीम ने होटल रेडिसन ब्लू में पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों, अलार्म सिस्टम और स्प्रिंकलर व्यवस्था की विस्तृत जांच की। इस दौरान कर्मचारियों को अलार्म बजाकर इवैक्यूएशन ड्रिल कराई गई व आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। होटल स्टाफ को अग्निशमन यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
इसके बाद टीम ने होटल प्रदीप इन, होटल न्यू स्टैंडर्ड, होटल प्लाजा, होटल गुप्ता और रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल अमित सहित कई अन्य होटलों का निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था की स्थिति को जांचा गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है बल्कि आने वाले दिनों में लगातार चलाया जाएगा, ताकि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने होटल प्रबंधन से सुरक्षा उपकरणों को क्रियाशील स्थिति में रखने और नियमित मॉक ड्रिल कराने पर जोर दिया।