मौसम खराब होने की वजह से बंगलूरू से गोरखपुर आ रही स्पाइस जेट की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग अमौसी एयरपोर्ट पर कराई गई। दो घंटे के बाद यह फ्लाइट वापस गोरखपुर लौटी।
मामला शनिवार का है। गोरखपुर में मौसम काफी खराब था। स्पाइस जेट की बंगलूरू से गोरखपुर आ रही फ्लाइट (6ई-731) को अचानक सुबह करीब 11 बजे खराब मौसम की वजह से अमौसी के लिए डायवर्ट कर दिया गया। करीब दो घंटे के बाद गोरखपुर का मौसम सही होने पर विमान को गोरखपुर रवाना कर दिया गया।
घने कोहरे की वजह से शनिवार को वायु सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई। बंगलूरू से सुबह 8:30 बजे गोरखपुर आने वाली फ्लाइट सुबह 11 बजे गोरखपुर से लखनऊ भेजनी पड़ी। वहां से दोपहर बाद तीन बजे यह फ्लाइट गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। ऐसे में बंगलूरू से आने और जाने वाले सभी यात्री और उनके परिजन कई घंटे परेशान हुए। हालांकि एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई का कहना है कि एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने यात्रियों को असुविधा न हो, इसका पूरा जतन किया।
बताया कि शनिवार को कोहरा घना होने की वजह से दोपहर करीब 12 बजे तक विजिबिलिटी (दृश्यता) मानक से कम रही। इसकी वजह से दिल्ली, मुंबई समेत तकरीबन सभी उड़ानें प्रभावित हुईं। बंगलूरू की फ्लाइट बंगलूरू से ही देर से उड़ान भर सकी। स्पाइस जेट की मुंबई की उड़ान को भी निरस्त कर दिया गया।