-शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में रात और दिन में हो रही है अधिक कटौती
-तहसील फीडर सहजनवां में ज्यादा परेशान हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। भीषण गर्मी में लोकल फॉल्ट और उसके नाम पर हो रही कटौती से बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। रात में बिजली के आवाजाही से नींद में खलल पड़ रही है, तो दिन में बिजली जाने पर लोगों को घरों से निकलकर पेड़ों की छांव में जाना पड़ रहा है।
लगातार गर्मी होने से पारा 43 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जबकि कुछ एसी भी 42 डिग्री से अधिक तापमान में काम नहीं कर रहे हैं। ऐसे मौसम में कुछ देर के लिए भी बिजली का जाना लोगों को अखर रहा है।
शहरी क्षेत्र में मंगलवार को टाउन हाल के साईं मंदिर फीडर में सुबह 9.15 से दोपहर 12:55 बजे तक बिजली नहीं थी, इस दौरान लोग गर्मी से बेहाल हो गए। इसी प्रकार बक्शीपुर के जटाशंकर फीडर में दोपहर 12:10 से 3:43 बजे तक आपूर्ति नहीं रही। इस दौरान कई घरों में पानी का संकट हो गया है, जबकि इन्वर्टर भी जवाब दे गए। तारामंडल क्षेत्र में बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
बशारतपुर क्षेत्र में शाम को दो बार बिजली गई और कुछ देर बाद आई। इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र के दिव्यनगर में दिन रात बिजली की आंख मिचौली हो रही है।
सहजनवां में हो रहा है अधिक फॉल्ट
शहर से अधिक बिजली कटौती गांवों के फीडरों पर हो रही है। सहजनवां तहसील फीडर के उपभोक्ता सबसे अधिक परेशान हैं। सजहनवां तहसील फीडर में सोमवार रात 12 बजे बिजली कटी और लोगों की शिकायतों के बावजूद सुबह 8:00 बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। हालांकि इस कटौती में फीडर के करीब आधे उपभोक्ता ही शामिल थे। बिजली उपभोक्ता अनिल सिंह ने बताया कि बिजली कटौती के कारण रात में नींद नहीं आई, जबकि सुबह 10 बजे से दो घंटे आपूर्ति ठप हो गई।
सहजनवां में लोकल फाॅल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
-सोमदत्त शर्मा, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम