बिजली बिल में मीटर रीडर की तरफ से गलत बिजली बिल बनाए जाने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। मीटर रीडर घर बैठे ही मनमाने तरीके से उपभोक्ताओं के बिल बना रहे। ये शिकायत लगातार अभियंताओं को मिल रही।
अधीक्षण अभियंता शहरी ने इसे लेकर बिलिंग एजेंसी की फर्म को भी पत्र लिखा था, लेकिन सुधार नहीं हुआ है। शुक्रवार को टाउनहाल उपकेंद्र पर राहुल गए थे। मोबाइल की रिकार्डिंग लेकर आए थे। इसमें मीटर रीडिंग 2300 यूनिट थी, जबकि बिजली बिल 7200 रीडिंग की खपत पर बना था। ऐसे में बिजली बिल सही करवाने के लिए दौड़ रहे थे।
केस 1
मोहद्दीपुर के गौतम यादव के परिसर में लगा मीटर खराब हो गया था। समय से वह बिजली बिल का भुगतान करते थे। नया मीटर लगने के बाद 8200 यूनिट पर बिजली बिल बन गया था। पुराने बदले गए मीटर में चली आठ हजार यूनिट रीडिंग तक का बिजली बिल का भुगतान वो पहले ही कर चुके थे। इस महीने उन्हें 200 यूनिट बिजली बिल का ही भुगतान करना था।
केस 2
राप्तीनगर के शशांक ने चार महीने पहले बिजली कनेक्शन लिया था। पिछले महीने मीटर में तकनीकी गड़बड़ी हो गई, जिससे गलत बिजली बिल बन गया। उपखंड दफ्तर पहुंच उन्होंने अपना बिजली बिल सही करवाया और 3100 रीडिंग का भुगतान किया। नया मीटर लगने के बाद इस महीने उनके पास 3400 यूनिट खपत का बिजली बिल आ गया।