ऊर्जा निगम के चेयरमैन अरविंद कुमार की नाराजगी के बावजूद गोरखपुर शहर के 4500 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ऑन होल्ड से नहीं हट सके। बिल लॉक होने की वजह से ऐसे उपभोक्ता बिजली का बिल नहीं जमा कर पा रहे हैं। यदि दो-तीन महीने बिल जमा नहीं हो पाया तो बकाएदारी तो बढ़ेगी ही, कनेक्शन भी काटा जा सकता है। जबकि इसमें उपभोक्ता की कोई गलती भी नहीं है।
पिछले हफ्ते चेयरमैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उपभोक्ताओं के बिल लॉक होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि मीटर रीडरों की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को न भुगतना पड़े। इसका इंतजाम अधिकारियों को करना है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं के बिल अनलॉक नहीं हो सके।
खंडवार अधिकारियों को उपभोक्ताओं से संपर्क कर बिल को अनलॉक करना था। तीन दिन पहले अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने शहर के सभी खंडों के अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक कर ऐसे कनेक्शन को अनलॉक करने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए अधिकारियों को तत्काल बिल अनहोल्ड करने के लिए कहा गया है। इससे उपभोक्ताओं को भुगतान करने में सुविधा हो सकेगी। होल्ड बिल वाले उपभोक्ता भी अपने खंड के एसडीओ कार्यालय जा सकते हैं। उनकी समस्या तत्काल सही कराई जाएगी।