- फ्लैट में चल रहा बिजली का काम, उपाध्यक्ष ने जल्द पूरा करने के दिए हैं निर्देश
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। योजना के तहत करीब 2,000 फ्लैट और 312 आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के सात ब्लॉकों में से तीन का निर्माण अक्तूबर तक पूरा करने की तैयारी है। इन फ्लैटों का कब्जा नवरात्रि तक आवंटियों को सौंपने की योजना है। फिलहाल फ्लैटों में बिजली से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने संबंधित अधिकारियों को काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
खोराबार टाउनशिप में विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए आवास की व्यवस्था की जा रही है। परियोजना के तहत मिनी एमआईजी श्रेणी के दो ब्लॉकों में 420 मकान बनाए जा रहे हैं। एलआईजी श्रेणी में 480 फ्लैट प्रस्तावित हैं। वहीं, एमआईजी श्रेणी के 10 ब्लॉकों में निर्माण कार्य अभी जारी है। इस श्रेणी के 560 फ्लैटों को तैयार होने में अभी कुछ और समय लगेगा। टाउनशिप से जुड़ी मेडिसिटी योजना के तहत क्लिनिक लेन में 46 बड़े भूखंड भी विकसित किए गए हैं। इन भूखंडों पर अस्पताल, नर्सिंग होम, निदान केंद्र और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थान स्थापित किए जा सकेंगे। यहां आवासीय निर्माण की भी अनुमति होगी।
उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, खोराबार टाउनशिप को दिसंबर 2026 तक पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ समयसीमा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।