सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के एक दिन पहले तक समाजवादी पार्टी में उम्मीदवार को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से सबसे पहले वार्ड नंबर 46 से निर्वाचित आलोक कुमार गुप्ता को उम्मीदवार घोषित किया गया। उन्होंने दो सेट में पर्चा भी ले लिया है। इसी बीच पार्टी के ही वार्ड नंबर 16 कैंपियरगंज से निर्वाचित हुए जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव ने भी पर्चा लिया। यही नहीं शुक्रवार को वार्ड नंबर 47 से पार्टी समर्थित जितेंद्र यादव भी पर्चा लेने के लिए घंटो कलेक्ट्रेट में डटे रहे, हालांकि उन्हें पर्चा नहीं मिल सका।
पार्टी के जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी से भी की। उनका आरोप है कि पहले पार्टी से समर्थित उम्मीदवार आलोक कुमार गुप्ता को प्रशासन ने एक और सेट पर्चा देने से इनकार कर दिया। अब जितेंद्र यादव को पर्चा नहीं दिया गया।
वहीं प्रशासन का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। आखिरी दिन पांच लोगों को पर्चा दिया गया ऐसे में किसी एक को इनकार करने की कोई वजह ही नहीं हो सकती। प्रशासन यह भी सवाल खड़ा कर रहा है कि एक ही पार्टी से आखिर कितने समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं।