गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके के नई बाजार में बुधवार रात अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित आठ लाख रुपये की शराब चुरा ली गई। बृहस्पतिवार सुबह सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा के चकदेइया निवासी श्याम मिलन यादव ने तहरीर देकर बताया कि उनके घर की संपाती देवी के नाम से अंग्रेजी शराब की दुकान है। रोज की तरह ही मुनीम बुधवार रात दुकान बंद कर घर चला गया।
बृहस्पतिवार सुबह दुकान के पास रहने वाले लोगों ने मुनीम को फोन कर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। मुनीम ने इसकी सूचना श्याम मिलन यादव को दी। दोनों लोग दुकान पर पहुंचे तो देखे कि ताला टूटा था और अंदर से नकदी व शराब की बोतलें गायब हैं।
मुनीम रामप्रसाद के मुताबिक, दुकान के काउंटर में 74 हजार 300 रुपये थे। इसके अलावा 7 लाख 60 हजार रुपये कीमत की शराब की बोतलें चोरी हुई हैं। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।