गोरखपुर। बड़े हादसों और आपदाओं के दौरान शवों को सुरक्षित रखने में होने वाली परेशानी को देखते हुए जिले में व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। डीएम दीपक मीणा की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में आठ डीप फ्रीजर लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अभी तक बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शवों को सुरक्षित रखने की सुविधा मर्चरी हाउस तक सीमित थी। पहली बार पोस्टमार्टम हाउस में ही कूल चैंबर तैयार किया जाएगा। इसमें एक साथ आठ शवों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे पोस्टमार्टम में देरी होने की स्थिति में शवों को खराब होने से बचाया जा सकेगा। नेपाल में हुए हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इसी दौरान शवों को सुरक्षित रखने के इंतजाम को भी बेहतर करने की जरूरत सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और कई बार पोस्टमार्टम से पहले शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी होती थी।
इसके अलावा जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर की मरम्मत भी कराई जाएगी। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मर्चरी हाउस और एनॉटमी विभाग में लगे डीप फ्रीजर को भी दुरुस्त किया जाएगा। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को शवों के सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्था तत्काल बेहतर करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने नए डीप फ्रीजर लगाने के साथ पुराने उपकरणों की मरम्मत का फैसला किया। अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था तैयार होने के बाद किसी बड़े हादसे या आपदा की स्थिति में शवों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी।