गोला। थाना क्षेत्र के डेईडीहा तिराहे के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक रामनरेश मौर्य (70) की मौत हो गई। हादसे में उनके भाई रामनाथ मौर्य भी घायल हो गए।
बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान रामनरेश ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रेलर लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर उरुवा थाने के पास पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर और चालक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोपापार गांव निवासी रामनरेश मौर्य पुत्र स्व. रमापति मौर्य बनवारपार चौराहे पर सब्जी की दुकान चलाते थे। सब्जी की खरीदारी और बिक्री के लिए वह ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते थे। बुधवार सुबह वह अपने भाई रामनाथ के साथ सब्जी खरीदने डेईडीहा तिराहे पहुंचे थे। इसी दौरान गोला की तरफ से उरुवा जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके भाई को मामूली चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो वह उरुवा थाने के पास वाहन खड़ा कर थाने में चला गया। सूचना पर रामनरेश के बड़े बेटे गोविंद मौर्य भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से पिता को बड़हलगंज के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रामनाथ को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
रामनरेश के दो बेटे गोविंद और सोविंद हैं। सोविंद उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी भी लंबे समय से बीमार रहती हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।