गोरखपुर। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में सत्र 2020-21 के अंतर्गत ई-कंटेंट सेल की बैठक बुधवार को संवाद कक्ष में हुई। इसमें कोरोना काल की वर्तमान परिस्थितियों में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराने के विकल्पों एवं चुनौतियों पर मंथन हुआ।
कॉलेज के बीएड विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजशरण शाही ने कहा कि वर्तमान परिवेश में शिक्षण की परंपरागत विधियों से शिक्षण गतिविधियों को संचालित करना संभव नहीं है। ऑनलाइन शिक्षण ही इसके लिए एक सशक्त विकल्प है। कहा कि प्रत्यक्ष संवाद की अनुपस्थिति में अपने विद्यार्थियों तक पहुंचने के समस्त विकल्प ई-कंटेंट ही होंगे जिससे अंतिम विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
डॉ. सुभाष चंद्रा ने ई-कं टेंट विकसित करने के विभिन्न माध्यमों जैसे पीपीटी, पीडीएफ नोट, ऑडियो वीडियो लेक्चर को तैयार करने के सर्व सुलभ तरीकों के बारे में जानकारी दी। महाविद्यालय के विभिन्न शिक्षकों डॉ. विवेक शाही, डॉ. कमलेश मौर्य, डॉ. सुनील गुप्ता, डॉ. सूरज शुक्ला आदि ने भी ई-कंटेंट के संबंध में अपने विचार रखे।
प्रभारी डॉ. सत्यपाल सिंह ने सभी शिक्षकों से 31 जुलाई तक अपने-अपने विषय एवं प्रश्न पत्र से संबंधित सामग्री तैयार कर महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की। प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में ऑनलाइन शिक्षण विधि से 16 अगस्त से कक्षाएं संचालित की जा सकती हैं। इसके लिए हमें तैयार रहना चाहिए। बैठक में सुरेंद्र चौहान, डॉ. दीपक साहनी, डॉ. अमरनाथ तिवारी व डॉ. अजेय तिवारी उपस्थित रहे।