गोरखपुर। जिले में बीएड के प्रवेश परीक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय भी केंद्र बन सकते हैं। इसके लिए बुधवार को शासन ने मंजूरी दे दी है। इसे देखते हुए केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रस्ताव भेजा गया है।
इस वर्ष बीएड प्रवेश परीक्षा नौ अगस्त को होनी है। इसका आयोजन लखनऊ विश्वविद्यालय करा रहा है। जिले में प्रवेश परीक्षा के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय को नोडल सेंटर बनाया गया है।
प्राचीन इतिहास के विभागाध्यक्ष प्रो. राजवंत राव समन्वयक बनाए गए हैं।
बताया कि जिले में 25 हजार 500 छात्र प्रवेश परीक्षा देंगे। इसके लिए 51 केंद्र की दरकार है। अब तक 47 परीक्षा केंद्र चुने जा चुके हैं। बुधवार को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में यह मामला उठा।
उन्होंने केंद्रीय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाने का निर्देश दिया है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकॉर्डर भी लगेंगे ताकि परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे और सकुशल संपन्न कराई जा सके।