सोनौली। भारत नेपाल के पगडंडी के पिलर संख्या 526 सुंडी गांव के रास्ते नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश करते गिरफ्तार किए गए नीदरलैंड के नागरिक को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। उसे बुधवार की रात एसएसबी 66वीं वाहिनी के जवानों ने गिरफ्तार किया था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात एसएसबी 66वीं वाहिनी के जवान भारत नेपाल सीमा के पगडंडियों पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान सुंडी गांव के पास साइकिल से एक युवक आता दिखाई दिया। उसे जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पौलुस जोहांन्स टेओडोर्स बताया उसके पास से नीदरलैंड का पासपोर्ट व नेपाल का टूरिस्ट वीजा पाया गया है।
उसके पास भारतीय वीजा नहीं था। एसएसबी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद नौतनवा पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद केस दर्ज कर शुक्रवार की दोपहर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।