तय समय से पूरा कराएं विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी डॉ विपिन ताडा, जीडीए उपाध्यक्ष प्रभारी संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।
जाम से दिलाएं निजात, सड़कों को जल्द गढ्ढा मुक्त करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर में लगने वाले जाम से आमजन को निजात दिलाने के साथ ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसमें व्यापारिक संगठनों का भी सहयोग लेने की बात कही। जिले में चल रहे सड़कों के गढ्ढा मुक्त करने के अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने कमिश्नर रवि कुमार एनजी और डीएम विजय किरन आनंद को निर्देश दिया कि जल्द अभियान पूरा किया जाए। इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
गोरखपुर मंडल में अब तक 97 हजार एमटी धान की खरीद
मुख्यमंत्री ने धान खरीद की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी क्रय केंद्र पर किसानों को समस्या नहीं होनी चाहिए। कोई किसान क्रय केंद्र से वापस न जाए। प्रभारी संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि गोरखपुर मंडल में 546 क्रय केंद्र खुले हैं जिनमें 542 पर खरीद चल रही है। मंडल में अब तक 97 हजार 897 मीट्रिक टन(एमटी) धान की खरीद की गई है।
जिले में अब तक 32 हजार 836 एमटी धान की खरीद हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि धान बेचने वाले किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान हो जाए। मुख्यमंत्री ने मंडल में खाद की उपलब्धता को लेकर सवाल पूछा तो कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने बताया कि गोरखपुर समेत मण्डल के सभी जिलों में खाद वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।कहीं कोई कमी नहीं है।