एक बार समय बढ़ाने के बाद भी नहीं पूरा हो सका काम
गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-एक उत्तरी भाग के तहत 68.25 किलोमीटर सीवर लाइन का काम 27 अक्तूबर 2017 को शुरू हुआ था। 26 अक्तूबर 2019 तक इसे पूरा करना था। कुछ अनापत्ति प्रमाण पत्रों के मिलने में हुई देर एवं कोरोना संक्रमण की दो लहरों के कारण काम पूरा करने की समय सीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर 2021 कर दी गई थी। मगर इस अवधि में भी काम नहीं पूरा हो सका।
28 दिसंबर 2021 तक फर्म, 62.60 किलोमीटर सीवर लाइन का काम ही पूरा कर सकी। सीवर लाइन बिछाने के साथ ही योजना के तहत नौ हजार 585 सीवर हाउस कनेक्शन दिया जाना है। इस काम को भी अब तक पूरा कर लेना चाहिए था लेकिन एक भी कनेक्शन नहीं दिया जा सका है। अब तक जितनी लंबाई में सीवर लाइन बिछायी गई है, उसका परीक्षण भी पूरा नहीं हुआ है। जबतक परीक्षण नहीं होगा, कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। रेलवे लाइन के समानांतर करीब 174 मीटर लंबाई में होने वाला काम पिछले कई महीने से पूरा नहीं किया जा सका है।
बोले कालोनी वाले
दिव्यनगर गोल्ड निवासी राजीव शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत की थी। पूरे क्षेत्र में कचरा फैला हुआ है। सीवर लाइन का काम बहुत धीमा है। दो साल से पूरे क्षेत्र में गड्ढा खोदकर सैकड़ों परिवारों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। पूरी सड़क तोड़ डाली है। आना-जाना मुश्किल हो गया है। रोज लोग बाइक, साइकिल लेकर गिरते हैं।
रानीडीहा निवासी सुधांशु ने कहा कि दिव्यनगर और दिव्य नगर गोल्ड से मुख्य गोरखपुर-देवरिया मार्ग की दूरी सिर्फ 50 मीटर है। मगर, दो-तीन साल से सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे की वजह से हमेशा कीचड़ बना रहता है जिससे कॉलोनी के लोगों को बहुत दिक्कत होती है। सर्वाधिक परेशानी पैदल चलने वालों और महिलाओं को होती है।
मेडिकल रोड से मोगलहा तक की सड़क पर लगा कीचड़
मेडिकल रोड से मोगलहा जाने वाले मार्ग के निर्माण की धीमी प्रगति से स्थानीय लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि दो महीने से सड़क खोदकर छोड़ दी मगर जीडीए के ठेकेदार अभी तक उसे बनवा नहीं सके। सड़क के साथ ही पुरानी नाली भी टूट जाने से मार्ग की हालत और खराब हो गई है। पूरे मार्ग पर कीचड़ फैला हुआ है और रोजाना लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंप कर मामले की शिकायत की।
इस संबंध में वार्ड नंबर दो सेमरा के पार्षद प्रभाकर पासवान ने भी डीएम को ज्ञापन दिया। जिसपर डीएम विजय किरन आनंद ने जीडीए उपाध्यक्ष को मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
नाला बनाया, स्लैब डाला पर समतल करना भूल गए
देवरिया बाईपास रोड पर जीडीए पंचमुखी हनुमान मंदिर से बुद्ध विहार पार्टी सी तक नाले का निर्माण करा रहा है। पंचमुखी हनुमान मंदिर से लेकर रामगढ़ताल थाने के सामने तक निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। कॉलोनियों से निकलने वाली सड़कों को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए जगह-जगह नाले पर स्लैब भी डाला गया।
मगर ठेकेदार ने इसे समतल नहीं कराया, जिससे लोगों को आने-जाने में बहुत दिक्कत हो रही है। स्लैब के दोनों किनारे रस्म अदायगी कर बस मिट्टी फैला दी गई थी, जो बारिश में धंस गई। जीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि ठेकेदार को इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया जाएगा। अभी सर्विस लेन भी बननी है ऐसे में एक तरफ का हिस्सा तो अपने आप सही हो जाएगा।
डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि सीवरेज योजना के तहत जोन ए - एक यानी झारखंडी क्षेत्र में काम करा रही फर्म को 15 मार्च तक काम पूरा करने की चेतावनी दी गई है। तय समय में काम नहीं पूरा करने पर फर्म को काली सूची में डाल दिया जाएगा। किसी भी योजना के तहत काम कराने के लिए यदि सड़क तोड़ने की जरूरत आती है तो उसे दुरुस्त कराने का काम भी उसी विभाग का होगा। ऐसा न करने पर कार्रवाई होगी।