इसी ट्रक में बांस के बीच छिपाकर गुड़गांव ले जा रहे थे विदेशी सिगरेट।
- फोटो : अमर उजाला।
डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) गोरखपुर और लखनऊ की टीम को 15 अक्तूबर को बड़ी सफलता हाथ लगी। कनाडा की हरी मटर के बाद अब टीम ने पब और बार में इस्तेमाल के लिए जा रही म्यामार एवं इंडोनेशिया की 90 लाख की सिगरेट पकड़ी है। उसे ट्रक में बांस के बीच छिपाकर गुवाहाटी से गुड़गांव पहुंचाया जा रहा था। फिलहाल ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, तस्करी के नेटवर्क की तलाश में डीआरआई की टीम जुट गई है।
डीआरआई गोरखपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुवाहाटी से तस्करी कर विदेश सिगरेट ले जाई जा रही है। सूचना के बाद टीम ने रात में निगरानी बढ़ा दी। 15 अक्तूबर को दशहरा वाले दिन एक संदिग्ध ट्रक जाते देखकर टीम ने पीछा किया। इसी बीच टीम ने लखनऊ से भी मदद ली। फैजाबाद में घेरेबंदी कर ट्रक को रोक लिया गया।
ट्रक पर बांस की बल्ली लदी थी, जिसमें नीचे 33 पैकेट में सिगरेट मिला। उसकी कीमत करीब 90 लाख बताई गई है। टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर से पूछताछ में बड़े गिरोह का पता चला है, जिसकी तलाश में टीम जुट गई है। जल्द ही बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। बता दें कि दो वर्ष पूर्व भी डीआरआई की टीम ने एक करोड़ से ज्यादा कीमत की विदेश सिगरेट पकड़ी थी। इस सिगरेट की पब में बहुत मांग है।