गोरखपुर। विगत दिनों हुई भारी बारिश के दौरान असुरन स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स के किनारे नाले की दीवार टूट जाने से परिसर में पानी भर गया था। लगातार दो दिन तक जलभराव रहने से व्यापारियों को लाखों रुपये के माल का नुकसान उठाना पड़ा। मंगलवार को नगर निगम ने दीवार को जोड़ने का कार्य शुरू करा दिया।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जेसीबी और श्रमिकों की मदद से मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। दीवार का निर्माण पूरा होने के बाद नाले का पानी दोबारा कॉम्प्लेक्स परिसर में नहीं घुसेगा। इससे भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
व्यापारियों ने भी मरम्मत कार्य शुरू होने पर संतोष जताते हुए इसे जल्द पूरा कराने की मांग की है। इससे पहले कॉम्प्लेक्स में दो नाले का निर्माण कराया गया था। एक कॉम्प्लेक्स का अपना तो वहीं नाले के ठीक बगल में नगर निगम ने भी अपना दीवार बनाया है। इस बारिश में दोनों दीवारें गिर गई थीं।