गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समाज में जागरूकता के लिए डिजिटल पहल शुरू की गई है। इसके तहत ‘योग वॉल’ से छात्रों, शिक्षकों के साथ ही आम लोगों को नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक करने का अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षाशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मीतू सिंह को कार्यक्रम समन्वयक बनाया गया है। डॉ. मीतू ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से हम हर एक सहभागी के योग के प्रति उत्साह को डिजिटल मंच पर संजो रहे हैं, जो दूसरों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। इसके तहत डीडीयू के पोर्टल पर अपना नाम, संबद्धता दर्ज कर योग करते हुए अपनी तस्वीर अपलोड कर सकते हैं।
इन तस्वीरों को योग वॉल पर प्रदर्शित किया जाएगा। वेबसाइट प्रभारी डॉ. अंबरीश श्रीवास्तव ने बताया कि इस पोर्टल को अत्यंत सरल और यूजर फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से अपना विवरण और फोटो अपलोड कर सके।
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह पहल निरंतर चलने वाला आंदोलन है, जो हर नागरिक को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी कॉलेजों, शिक्षकों व विद्यार्थियों से इस अभियान से जुड़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।