बेचैन करने वाली गर्मी के बजाय सर्दी का मौसम अच्छा एहसास दिलाता है, लेकिन दिल के मरीजों को यह खतरे में भी डाल सकता है। अनुमानत: सर्दियों में गर्मियों की अपेक्षा 53 फीसदी ज्यादा हार्ट अटैक के मामले आते हैं। इसलिए अपने खानपान और दिनचर्या का इन दिनों खास ख्याल रखने की जरूरत होती है।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश पांडेय बताते हैं कि ठंड हमारे शरीर के सिम्पथेटिक सिस्टम को उत्तेजित करता है, जिससे हृदय में रक्त का प्रवाह काफी बढ़ जाता है। इससे धड़कन बढ़ जाती है और हृदय को ज्यादा काम करना पड़ता है। इसलिए सर्दी शुरू होते ही हृदय, शुगर व ब्लड प्रेशर के मरीजों को पहले से अधिक सावधानी रखनी होती है। वे ब्लड प्रेशर व शुगर की नियमित जांच करते रहें। दशहरा से दिवाली व छठ में शोर से बचें और खानपान का भी विशेष ख्याल रखें।