गोरखपुर। उत्तर प्रदेश भूस्थानिक निदेशालय एवं सर्वे ऑफ इंडिया के निदेशक डीएन पाठक ने नगर निगम के अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी नक्शा परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में नक्शा को लेकर जल्द जमीनी सर्वे शुरू होगा। 61 वार्डों में 135 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का हवाई सर्वे पूरा हो गया है। प्रथम चरण में 58 वर्ग किमी क्षेत्र का ग्राउंड सर्वे किया जाएगा।
यह परियोजना डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत राजस्व परिषद के निर्देशन में संचालित की जा रही है। भारतीय सर्वेक्षण विभाग इसमें तकनीकी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। प्रथम चरण में 58 वर्ग किमी क्षेत्र का जमीनी सर्वे रोवर और टैबलेट उपकरणों की सहायता से किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से 26 टीमें मैदान में उतारी जाएंगी।
अधिकारियों के अनुसार, सेटेलाइट और कोरस नेटवर्क आधारित यह सर्वे नगरीय क्षेत्रों में अभिलेख तैयार करने, कराधान व्यवस्था को बेहतर बनाने व आधुनिक शहरी सुविधाओं और प्रभावी नगरीय नियोजन में मददगार साबित होगा। बैठक के दौरान नगर निगम की फील्ड टीमों ने क्षेत्र में आने वाली संभावित व्यावहारिक कठिनाइयों और प्रशिक्षण संबंधी मुद्दों को उठाया।
निदेशक डीएन पाठक ने सभी तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। हवाई सर्वेक्षण, फीचर एक्सट्रैक्शन, डिजिटलीकरण, फील्ड सर्वे, ग्राउंड ट्रुथिंग, प्रशिक्षण और उपकरणों के संचालन समेत नक्शा परियोजना के विभिन्न चरणों की प्रगति, रणनीति और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार व सीमा पांडेय, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश सोनकर आदि मौजूद रहे।