लंबे समय से बंद चल रही गोरखपुर-बंगलूरू की फ्लाइट 22 जनवरी से फिर से शुरू होगी। इस विमान में (एयरबस) में 180 सीटें होंगी। इसके लिए टिकटों की बुकिंग भी की जा रही है। इस सेवा के शुरू होने के साथ ही अब गोरखपुर से उड़ानों की कुल संख्या 10 हो जाएगी। इनमें दिल्ली-मुंबई के लिए तीन-तीन और हैदराबाद, प्रयागराज, कोलकाता शामिल हैं।
सांसद रवि किशन शुक्ल की पहल और एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई की सक्रियता से गोरखपुर एवं उसके आस-पास के जिलों के कई लोगों को नए साल पर यादगार तोहफा मिला है। गोरखपुर से बंगलूरू आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अच्छी है। इनमें सर्वाधिक संख्या प्रतियोगिता की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की है। लंबे समय से बंगलूरू के लिए उड़ान शुुरू किए जाने की मांग हो रही थी। इसकी जानकारी जब सदर सांसद को हुई तो उन्होंने शासन से लेकर नागर विमानन मंत्रालय तक में पैरवी तेज कर दी। उनकी कोशिश अब रंग लाई है।
इस मौके पर सांसद रवि किशन ने कहा कि इस उड़ान से यात्रियों को राहत मिलेगी। पहले लखनऊ या फिर कहीं और से जाकर बंगलूरू के लिए फ्लाइट मिलती थी। अब यात्रियों का समय तो बचेगा ही उनका अतिरिक्त खर्च भी बचेगा। सांसद ने बताया कि जल्द ही चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद के लिए भी विमान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। इसे लेकर प्रयास जारी है।