गोरखपुर। लोकमाता अहिल्याबाई मुफ्त बस यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए डिजिटल कार्ड बनाए जाएंगे। कार्ड बनने के बाद बुजुर्ग महिलाओं को हर यात्रा में आधार कार्ड दिखाने की जरूरत नहीं होगी। डिजिटल कार्ड के माध्यम से महिलाएं पूरे प्रदेश में साधारण रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
बस परिचालक ई-टिकटिंग मशीन में डिजिटल कार्ड स्वाइप करेगा और महिला को शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। फिलहाल डिजिटल कार्ड बनने तक आधार कार्ड के आधार पर उम्र का निर्धारण कर बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त टिकट दिया जा रहा है। कार्ड बनने के बाद 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश के अंदर रोडवेज बसों से कहीं भी यात्रा कर सकेंगी। उत्तर प्रदेश से बाहर तक जाने वाली बसों में प्रदेश के बाहर के हिस्से की यात्रा पर भी योजना का लाभ दिए जाने की व्यवस्था बताई गई है। गोरखपुर जिले की करीब 55 लाख आबादी में लगभग दो लाख बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने का अनुमान है। वहीं, पूरे गोरखपुर-बस्ती मंडल परिक्षेत्र में प्रतिदिन 1500 से अधिक बुजुर्ग महिलाओं के यात्रा करने का अनुमान है। जानकारी के अभाव में अभी भी कई महिलाएं योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं।
परिचालकों को दी जा रही योजना की जानकारी
क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर बुजुर्ग महिलाओं के डिजिटल कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल व्यवस्था के तहत आधार कार्ड से उम्र का निर्धारण किया जा रहा है। आधार कार्ड दिखाने पर बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में कुछ परिचालकों द्वारा बुजुर्ग महिलाओं से पैसे लेकर टिकट काटने की शिकायत सामने आई है। सभी परिचालकों की काउंसलिंग की जा रही है। किसी भी बुजुर्ग महिला से मुफ्त यात्रा के लिए पैसे नहीं लिए जाने चाहिए। परिचालकों को योजना के नियमों और प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है ताकि पात्र महिलाओं को सुविधा लेने में परेशानी न हो।