गोरखपुर। सावन के दूसरे सोमवार पर शहर और आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। हर-हर महादेव के गूंज के बीच श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। रविवार को बड़हलगंज से सरयू नदी का जल भरकर कांवड़ियों का जत्था पिपराइच स्थित मोटेश्वरनाथ मंदिर के लिए रवाना हुआ।
शिवालयों में बेलपत्र, धतूरा, फूल, दूध और गंगाजल चढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगाने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु कुनराघाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर, राजघाट के बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, अंधियारी बाग के मानसरोवर मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों पर श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे।
बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी रामनाथ उपाध्याय ने बताया कि मंदिर के आसपास सफाई, पानी और प्रकाश की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। शिवभक्तों की सुविधा के लिए स्वयंसेवकों को भी लगाया गया है। सावन के दूसरे सोमवार को लेकर रविवार शाम से ही शहर का माहौल भक्तिमय नजर आने लगा।
- बड़हलगंज से जल भरकर कांवड़ियों का जत्था पिपराइच रवाना
बड़हलगंज से जल लेकर कांवड़ियों का जत्था पिपराइच के मोटेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने रवाना हो गया। रविवार को भगवा वस्त्र पहने शिवभक्त डीजे और ढोल की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। कांवड़ियों के जत्थे में युवा, महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे।