कलेक्ट्रेट की नई इमारत की डिजाइन में बदलाव होगा। इसके लिए नए सिरे से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी और फिर शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। नई इमारत पहले तीन मंजिल की प्रस्तावित थी जिसे अब छह मंजिल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद यह बदलाव किया जा रहा है।
डीएम कृष्णा करुणेश ने मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री के सामने कलेक्ट्रेट की नई इमारत की डिजाइन प्रस्तुत की थी। इसे देखने के बाद मुख्यमंत्री ने नई इमारत में ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) एवं जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय जैसे अन्य जिला स्तरीय महत्वपूर्ण विभागों का कार्यालय भी शिफ्ट करने का निर्देश दिया।
यही वजह है कि अब नई इमारत की डिजाइन बदलने का फैसला किया गया है। हालांकि, विकास भवन में संचालित होने वाले विभाग वहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट भवन के साथ ही पुलिस कार्यालय भवन का डीपीआर भी शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया है।
डीएम कृष्णा करुणेश ने कहा कि प्रस्तावित कलेक्ट्रेट भवन की डिजाइन में परिवर्तन किया जाएगा। ऐसे में नए सिरे से डीपीआर तैयार की जाएगी। इमारत में कुछ तल और बढ़ाए जाएंगे। प्रमुख विभागों के जिला कार्यालयों को भी इसी भवन में शिफ्ट करने की तैयारी है।