देवरिया। लखनऊ के साई सेंटर में चल रही सीनियर स्टेट तैराकी चैंपियनशिप में रविवार को देवरिया की दीपशिखा ने 50 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही वह नेशनल के लिए क्वालिफाई कर गई। 100 व 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में वह द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं वाटरपोलो में पुरुष वर्ग में यहां के खिलाड़ी रिशुराज, दीपशिखा व अंतरा सिंह का चयन नेशनल के लिए हुआ है।
65 वीं सीनियर स्टेट तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन लखनऊ में 24 से 25 अगस्त तक हुआ। इसमें दीपशिखा ने पहले दिन 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दूसरे दिन 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में भी वह द्वितीय स्थान पर रहीं। रविवार को आयोजित 50 मीटर फ्री स्टाइल इवेंट में प्रथम स्थान पर आईं। जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष गंगतेश्वर सिंह व सचिव देवानंद भारती ने बताया कि इस इवेंट में वह नेशनल में यूपी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके साथ ही पुरुष वर्ग के वाटरपोलो में रिशुराज व महिला वर्ग वाटरपोलो में दीपशिखा, अंतरा सिंह का नेशनल के लिए चयन हुआ है।