सलेमपुर तहसील क्षेत्र के तीन ब्लॉकों में केवल सलेमपुर सीट पर भाजपा को कामयाबी मिली है। जबकि भटनी से सपा और लार से निर्दल प्रत्याशी को जीत मिली। भागलपुर में भाजपा को जीत मिली। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। हालांकि लार अति संवेदनशील होने के चलते ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजन द्विवेदी शाम तक जमी रहीं।
सलेमपुर से भाजपा की सीमा सिंह 53 मत पाकर विजयी हुईं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दल रागिनी सिंह को 43 वोट मिले। एक वोट अवैध घोषित किया गया। भटनी में सपा की रनिया देवी 61 वोट पाकर विजयी हुईं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के मानवेंद्र तिवारी को 23 वोट मिले। रनिया देवी लगातार दूसरी बार ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुईं। लार में निर्दल अंकिता सिंह ने भाजपा उम्मीदवार विभा सिंह को समर्थन दे दिया।
इसके चलते चुनाव दो लोगों में ही रह गया। इसमें निर्दल प्रत्याशी अनुभा सिंह 45 वोट पाकर विजयी हुईं। निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की विभा सिंह को 34 मत मिले। भागलपुर में कुल 71 मत में एक सदस्य ने मतदान नहीं किया। भाजपा के मुन्नीलाल 62 मत पाकर विजयी हुए। निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की रीमा देवी को छह वोट मिले। दो मत अवैध पाए गए। सलेमपुर में भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद प्रमुख के आवास पर पटाखे फोड़े गए तथा ढोल-नगाड़े पर समर्थक थिरकते रहे।
नगर में ओवरब्रिज से बैरिकेडिंग कर वाहनों को स्टेशन रोड व ब्लॉक की तरफ जाने से रोक दिया गया था। लोगों को रेलवे स्टेशन व अस्पताल जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सलेमपुर के पूर्व एसडीएम ओमप्रकाश बरनवाल व कोतवाल नवीन कुमार मिश्रा सुरक्षाकर्मियों के साथ शांति व्यवस्था में जमे रहे। जबकि लार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजन द्विवेदी, सीओ कपिल मुनि सिंह व इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा के साथ पूरे दिन जमीं रहीं।
जनपद के सोलह ब्लाकों में से छह विकास खंडों में प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इसमें विकास खंड पथरदेवा से कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के पुत्र सुव्रत शाही, गौरीबाजार से राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद की बहू अनीता, तरकुलवा से रामअशीष गुप्ता, बनकटा से बिंदा, रुद्रपुर से उषा पासवान, रामपुर कारखाना से उषा शामिल हैं।
प्रेक्षक ने मतदान स्थल का किया निरीक्षण
भाटपाररानी। जिले के चुनाव प्रेक्षक दोपहर 12.30 बजे लाव-लश्कर के साथ भाटपाररानी ब्लॉक पर पहुंचे। उन्होंने ब्लाक प्रमुख पद के लिए हो रहे मतदान का निरीक्षण किया तथा बीडीसी सदस्यों से बात कर मतदान की जानकारी ली। लगभग 14 मिनट रहने के बाद वे 12.44 बजे वहां से रवाना हो गए। इस दौरान एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला, सीओ पंचम लाल, थानाध्यक्ष भाटपाररानी चंद्रभान सिंह आदि मौजूद रहे।
रिकॉर्ड मतों से जीतीं सोनमती
भाटपाररानी से नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख सोनमती देवी ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सर्वाधिक 70 मत तथा सर्वाधिक 65 मतों से विजय दर्ज कर रिकॉर्ड बनाया है। अब तक किसी प्रत्याशी ने न तो इतना मत पाया है और ना ही इतने अधिक मतों से विजय दर्ज की है। उन्होंने जीत के बाद एक संक्षिप्त प्रेस वार्ता में कहा कि वे साक्षर और कुशल गृहणी हैं ।उनके पति लक्ष्मण खरवार बिहार में श्रम एवं संसाधन विभाग पटना में प्रधान लिपिक पद से सेवानिवृत्त है।
वह शुरू से ही सामाजिक कार्यों और गरीबों की मदद करते रहे हैं। वे खरवार जाति के उत्थान व विकास की लड़ाई सदैव लड़ते रहे हैं। उन्होंने खरवार जाति को अनुसूचित जनजाति घोषित कराने में तहसील, जिला और प्रदेश तक लड़ाई लड़ी है। जिसका लाभ उन्हें आज इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचकर मिला है। वे इसका सारा श्रेय अपने पति तथा लक्ष्मण खरवार तथा सपा विधायक डॉ. आशुतोष उपाध्याय को दी।
सदर ब्लाक प्रमुख निर्वाचित होने पर समर्थकों ने पवन का किया स्वागत
सोनूघाट ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्वाचित पवन कुमार उर्फ पिंटू जायसवाल का समर्थकों नेफूल-मालाओं से स्वागत किया। गन्ना शोध संस्थान लखनऊ के उपाध्यक्ष नीरज शाही, राजेश मिश्र, निर्भय शाही, भगवती सिंह, इंद्रजीत यादव, विवेक शाही, बड़े शाही, विनय सिंह, अरविंद सिंह, प्रमोद सिंह, विजयी पांडेय, अरविंद शाही, राजेश जायसवाल, वेद जायसवाल व बीडीसी सदस्य, प्रधान शामिल रहे।