गोरखपुर। एम्स में जांच रिपोर्ट मिलने में हो रही देरी से मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। खजनी क्षेत्र के भैसा बाजार निवासी अंजली जायसवाल ने इकोकाॅर्डियोग्राफी (ईको) जांच की रिपोर्ट समय पर न मिलने की शिकायत करते हुए कार्यकारी निदेशक से हस्तक्षेप की मांग की है।
अंजली ने बताया कि वह एक जून को हृदय संबंधी समस्या के उपचार के लिए एम्स पहुंची थीं। वहां हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश कुमार ने उनका परीक्षण करने के बाद इकोकाॅर्डियोग्राफी जांच की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने 12 जून को जांच कराई। जांच के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें बताया था कि रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। अंजली का कहना है कि निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट नहीं मिली। 20 को उनके भाई कृष्णा जायसवाल रिपोर्ट लेने के लिए एम्स पहुंचे लेकिन उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट अभी तैयार नहीं हुई है। रिपोर्ट न मिलने के कारण मरीज को आगे के उपचार और चिकित्सकीय परामर्श में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में कार्यकारी निदेशक डाॅ. विभा दत्ता ने बताया कि मरीजों की सुविधा और समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। शिकायत की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।