बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। गोरखपुर शहर विधानसभा से पार्टी ने प्रत्याशी बदलकर अब ललित कुमार बिहारी की जगह ख्वाजा शमसुद्दीन को चुनाव मैदान में उतारा है। पिपराइच से दीपक अग्रवाल को टिकट मिला है, जबकि सहजनवां से पार्टी ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह की जगह अब उनकी पत्नी अंजू सिंह को टिकट दे दिया है।
गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने सप्ताह भर पहले ही ललित कुमार बिहारी को प्रत्याशी घोषित किया था। ललित कुमार ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था। लेकिन, शनिवार को जब पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी की तो उसमें ख्वाजा शमसुद्दीन उम्मीदवार बनाए गए हैं। शमसुद्दीन पार्टी के पुराने नेता हैं और वर्तमान में सेक्टर प्रभारी हैं। इसी प्रकार पिपराइच से बसपा नेतृत्व ने कारोबारी दीपक अग्रवाल को टिकट दे दिया है।
दीपक अग्रवाल, सपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर बसपा ज्वाइन कर लिया। सहजनवां से पहले पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह को टिकट दिया था, लेकिन कई मुकदमे की वजह सवाल उठाए जा रहे थे। लिहाजा, पार्टी ने चुनाव मैदान में सुधीर सिंह की पत्नी अंजू सिंह का उतार दिया है।
बांसगांव से पूर्व जिलाध्यक्ष रामनयन आजाद पर पार्टी ने भरोसा जताया है। इसके अलावा चौरीचौरा से वीरेंद्र पांडेय, कैंपियरगंज से चंद्र प्रकाश निषाद, खजनी से विद्यासागर व चिल्लूपार से पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पहलवान को टिकट दिया गया है।
जिले में बसपा प्रत्याशियों की सूची
विधानसभा प्रत्याशी
गोरखपुर शहर ख्वाजा शमसुद्दीन
गोरखपुर ग्रामीण दारा निषाद
चौरीचौरा वीरेंद्र पांडेय
पिपराइच दीपक अग्रवाल
सहजनवां अंजू सिंह
कैंपियरगंज चंद्र प्रकाश निषाद
खजनी विद्यासागर
बांसगांव रामनयन आजाद
चिल्लूपार राजेंद्र सिंह