बस्ती छावनी थाना क्षेत्र के बेदौलिया गांव के पास शनिवार को मछली मारने गए युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार बेदौलिया निवासी शंकर (35) पुत्र संवारे शनिवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास तालाब में मछली मारने के लिए गए थे। बारिश से उफनाए तालाब में फिसलकर वह डूबने लगे। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें तालाब से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शंकर को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची छावनी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। शंकर के परिवार में पत्नी, दो लड़के व दो लड़कियां हैं। शंकर टाइल्स लगाने का काम करता था और अपने परिवार की जीविका चलाता था। एसओ छावनी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण में अभी तहरीर नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।