भटहट-बांसस्थान निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर दलाल चौराहे के पास बुधवार देर रात डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की डंपर से मिट्टी गिरने के कारण दबकर मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई, जिससे वे अपने इकलौते बेटे का अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार भी नहीं कर सके।
हादसे के बाद शुक्रवार को देवरिया से मिंटू के पिता जनार्दन चौहान, चाचा संतोष चौहान और अन्य परिजन गुलरिहा थाना के भटहट पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। मिंटू देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के सिधुआ गांव का रहने वाला था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
परिजनों के अनुसार, मिंटू पहले गोरखपुर में मजदूरी करता था और समय-समय पर घर आता-जाता रहता था। उसकी शादी लगभग दस वर्ष पहले हुई थी जो बाद में किसी कारण से टूट गई थी। चाचा संतोष चौहान ने बताया कि सुबह अखबार में हादसे की खबर पढ़कर उन्हें घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार सदमे में आ गया। गांव और परिवार में शोक का माहौल है।