उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में सोमवार को हरदी गांव के रहने वाले युवक का शव शौचालय में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित परिजन गमगीन थे।
हरदी गांव स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के बगल में शौचालय है। सोमवार को शौचालय में एक युवक का शव मिला। शौचालय अंदर से बंद था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शौचालय का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकवाया।
शव की पहचान हरदी गांव निवासी 40 वर्षीय संतोष गुप्ता पुत्र रामकरन के रूप में हुई। मृतक की पत्नी गुड़िया ने शव के शिनाख्त की पुष्टि की। उसने बताया कि उसके पति को नशे की लत थी। वह अक्सर नशे में इधर-उधर घूमते रहते थे। परिवार में भी अक्सर विवाद करते रहते थे। इधर पति की मानसिक स्थिति भी कुछ ठीक नहीं थी। उसके दो बच्चे है। दस साल की बेटी और चार वर्ष का बेटा है।
एसओ रोहित प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।