गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके के बिशुनपुर सप्टहिया गांव निवासी चंद्रकेश (25) का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर ईंट भट्ठे के पास पेड़ से लटका मिला। गले में चोट के निशान को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल परिवारवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
जानकारी के अनुसार बिशुनपुर सप्टहिया निवासी चंद्रकेश पेंट पॉलिश का काम करता था। लॉकडाउन के चलते पिछले छह महीने से घर पर ही था। परिवार के लोगों ने बताया कि रविवार की रात में करीब 11 बजे किसी का फोन आने पर वह बाहर चला गया। बोला की कुछ देर में वापस आएगा लेकिन वह रात में घर नहीं लौटा। सुबह गांव के पश्चिम ईंट भट्ठे के पास पेड़ की डाल से दुपट्टे के फंदे से उसकी लटका हुआ शव ग्रामीणों ने देखा।
सूचना पर चिलुआताल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंद्रकेश के गले पर गहरा निशान देखकर हत्या के बाद शव को लटकाने की आशंका जताई जा रही है। चन्द्रकेश पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। पुलिस उसके फोन नंबर की कॉल डिटेल निकलवा रही है।
पुलिस यह यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अंतिम बार उसके पास किसका फोन आया था। फोन करने वाले ने रात में क्यों बुलाया था। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के आधार पर जल्द ही हकीकत सामने आ जाएगी।