गोरखपुर जिले के सहजनवां इलाके के सिघोरवा गांव में चोरी का सामान वापस लेने गए किशोर का शुक्रवार शाम शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौत की वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस किशोर के जहरीला पदार्थ निगलने के बाद मौत की आशंका जता रही है।
जानकारी के मुताबिक, हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के कुईकोल निवासी 17 वर्षीय किशोर दो वर्षों से घघसरा निवासी रविंद्र सिंह के यहां पर रहकर पढ़ाई करता था। शुक्रवार को घघसरा बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान से कपड़ा चोरी करते हुए दुकानदार ने पकड़ लिया और उसे पुलिस चौकी पर ले गया। सूचना पर मामा रविंद्र पहुंच गए।
दुकानदार की शिकायत पर मामा किशोर को लेकर चुराया गया कपड़ा लेने गांव जा रहे थे। रास्ते में वह बाइक से कूदकर फरार हो गया और थोड़ी देर बाद उसकी लाश मिली। किशोर के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं हैं। इसलिए पुलिस जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत की आशंका जता रही है।