घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
महराजगंज जिले के नौतनवां थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बा स्थित राहुल नगर वार्ड के एक घर में सोमवार की सुबह एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट/तहसीलदार मुकेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय एवं चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के भलुआरी जिला कपिलवस्तु निवासी भाष्कर मिश्रा की 26 वर्षीय बेटी आंचल की नौतनवां कस्बे के राहुल नगर वार्ड निवासी नागेंद्र पांडेय उर्फ गोलू के साथ बीते 20 मई 2021 को शादी हुई थी। मृतका के ससुरालियों के मुताबिक सब कुछ सही चल रहा था। पति नागेंद्र 15 दिनों पूर्व ही रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र के पूणे में गया है।
इस बीच रविवार की रात नवविवाहिता आंचल द्वितीय तल पर अपने कमरे में सोने चली गई। सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो घर के सदस्यों ने दरवाजा खटखटाना शुरू किया, लेकिन कोई आहट न होने पर अनहोनी की आशंका हुई।
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो होश उड़ गए। कमरे में लगे पंखे के सहारे फंदे से उसका शव लटक रहा था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी मौके पर पहुंच गए और घटना के संबंध में मजिस्ट्रेट को जानकारी दी।
मजिस्ट्रेट/तहसीलदार मुकेश कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच परिजनों से आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की पुष्टि की। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। चेयरमैन गुड्डू खान एवं भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया।