गीडा। थाना क्षेत्र के पिपरी में शनिवार रात एक युवक का शव कुंडे के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के पिपरी निवासी हनुमान यादव (32) अपने परिवार के साथ घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। शनिवार रात हनुमान के पुत्र ने अपने पिता के शव को फंदे के सहारे पंखे से लटकते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सक ने हनुमान को मृत घोषित कर दिया। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके दो बेटे भी हैं। प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।