गोरखपुर जिले में शाहपुर इलाके के पादरी बाजार पुलिस चौकी के पास सोमवार की सुबह दो अधेड़ के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक शव पादरी बाजार चौराहे पर बने ट्रैफिक बूथ पर पड़ा था। जबकि दूसरे शख्स का शव पादरी बाजार मुख्य बाजार स्थित देसी शराब की दुकान के बाहर पड़ा था। पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक बूथ पर मिले शव के पास से दो कंबल मिले हैं। मृत शख्स ने लूंगी, स्लेटी रंग की कोट व नारंगी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी।
दूसरे शख्स का शव पादरी बाजार मुख्य बाजार स्थित देसी शराब की दुकान के बाहर स्लैब पर पढ़ा था। लोगों ने आशंका जाहिर की है कि अधिक शराब पीने से मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस दोनों शख्स की फोटो सोशल मीडिया पर डालकर पहचान कराने में जुटी है।