दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली एक छात्रा को एक युवक फोन करके परेशान कर रहा है। युवक की हरकतों से परेशान छात्रा विश्वविद्यालय में पढ़ने आने से डर रही है। युवक उसे जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। परेशान छात्रा ने कैंट थाने में अंकित नाम के इस युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा गोरखनाथ क्षेत्र की रहने वाली है। छात्रा का आरोप है कि अपना नाम अंकित बताने वाला युवक फोन करके उसे परेशान कर रहा है। युवक की हरकतों की वजह से वह मानसिक अवसाद में आ गई है। उसका कहना है कि शोहदे की हरकतों की वजह से उसे अब घर से विश्वविद्यालय आने में भी डर लग रहा है। छात्रा ने विश्वविद्यालय के प्राक्टर को भी शिकायती पत्र दिया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कैंट मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि प्राक्टर के सूचना देने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
तीन दिन पहले छात्राओं से हुई थी अभद्रता
कोचिंग से लौट रहीं स्कूटी सवार छात्राओं के साथ तीन दिन पहले गोरखपुर विश्वविद्यालय हॉस्टल गेट पर एक शोहदे ने अभद्रता कर दी थी। छात्राओं के विरोध करने पर आरोपित हॉस्टल में भाग गया। सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।