सहजनवां। थाना क्षेत्र के बाउंड्रा गांव निवासी निगम सिंह (42) की बृहस्पतिवार सुबह ड्यूटी जाते समय अज्ञात ट्रक की टक्कर से मौत हो गई।
हादसा भीटी रावत हाईवे चौराहे के समीप हुआ। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों के न मिलने का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निगम सिंह गीडा स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। वह सुबह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पहुंचने पर परिजनों ने आरोप लगाया कि आकस्मिक कक्ष में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका। इसको लेकर अस्पताल परिसर में कर्मचारियों से नोकझोंक हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
मृतक की पत्नी रीता ने थाना प्रभारी को दिए शिकायती पत्र में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। निगम सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी और दो बेटे अंकित (20) व अंकुश (16) हैं। उनकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. व्यास कुशवाहा ने कहा कि घायल की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। मौजूद मेडिकल स्टाफ ने चिकित्सकीय परीक्षण किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक मेडिकल स्टोर संचालक के उकसाने पर अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की गई, जिसकी तहरीर पुलिस को दी जाएगी।