-कुल पंजीकृत 40161 अभ्यर्थियों में 35983 हुए शामिल,4178 ने छोड़ी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिले में शनिवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) 53 केंद्रों पर हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद रहा। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रेटेजिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। साथ ही हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की निगरानी की जाती रही।
सीटेट परीक्षा के लिए जिले में 40,161 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,983 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा की कोऑर्डिनेटर सुनित कोहली ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक हर स्तर पर सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।
प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय से कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।