कुनराघाट स्थित महादेव झारखंडी मंदिर, राजघाट के बाबा मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, अंधियारी बाग के मानसरोवर मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालु कतार में लगकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिरों में घंटे-घड़ियाल की गूंज और शिवभक्तों के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, फूल, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन और पूजन की विशेष व्यवस्था की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर समितियों के स्वयंसेवक भी लगाए गए हैं। सफाई, पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।